सीएसए में दीक्षोत्सव के तहत रस्साकसी प्रतियोगिता ने बढ़ाई विद्यार्थियों में टीम भावना : डॉ. रामजी गुप्ता
कानपुर, 23 जून (हि.स.)। दीक्षोत्सव के अंतर्गत आयोजित रस्साकसी प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अनुशासन और समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा। विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। यह बातें मंगलवार को गेम काउंसलर एवं पशुपालन एवं दुग्ध विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. रामजी गुप्ता ने कहीं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर में आगामी दीक्षांत समारोह से पूर्व आयोजित किए जा रहे दीक्षोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. रामजी गुप्ता एवं डॉ. राजीव कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के सफल संचालन और व्यवस्थापन में डॉ. सिद्धार्थ सिंह, डॉ. संजय कुमार त्रिपाठी, डॉ. शक्ति सिंह, डॉ. जया वर्मा तथा डॉ. प्रज्ञा मिश्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. राजीव कुमार, डॉ. देवेंद्र तथा डॉ. शिवानी चौधरी ने किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन, समन्वय और खेल भावना का आकलन कर विजेताओं का चयन किया।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों की उपस्थिति रही। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आयोजन की सफलता पर सभी आयोजकों, निर्णायकों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए दीक्षोत्सव के आगामी कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप