कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : शिवराम सिंह
कानपुर, 07 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसकी सबसे बड़ी शक्ति इसके समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ता हैं। मंडल स्तर पर नियमित बैठकों के माध्यम से संगठन को मजबूती मिलती है तथा आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता प्राप्त होती है। कार्यकर्ताओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए। यह बातें रविवार को भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहीं।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को आयोजित होने वाली मंडल बैठकों के क्रम में कानपुर दक्षिण के सभी 13 मंडलों में मासिक बैठकें संपन्न हुईं। इसी क्रम में श्याम नगर मंडल की बैठक श्याम नगर स्थित 56 भोग गेस्ट हाउस में मंडल अध्यक्ष गौरव चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सुशासन, सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने संगठन के आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया।
बैठक में पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, प्रेमनाथ विश्नोई, पूर्व मंडल अध्यक्ष मानसिंह, गुड्डू बाजपेयी, ममता राजपूत, अमित परिहार, शालू तिवारी, सिंड्रेला, मीना सिंह, बी.एल. पांडे, आशा पांडे, के.पी. सिंह चौहान, विपिन राजपूत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप