बहराइच : मार्ग दुर्घटना में सगे भाईयाें समेत तीन लाेगाें की मौत

 


बहराइच, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में जरवल रोड थाना क्षेत्र में मार्ग दुर्घटना में साेमवार काे सगे भाइयों समेत तीन व्यक्तियों की मौत हो गयी। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।

प्राप्त सूचना के अनुसार, थाना क्षेत्र कैसरगंज के ग्राम पंचायत भखरौली मुंगेशपुर के रहने वाले बुधई और सगे भाई राममिलन व रामकिशुन एक बाइक से अपने रिश्तेदार के यहां के अंतिम संस्कार में शामिल होने बाराबंकी जा रहे थे। सुबह लगभग सात बजे जरवल थाना क्षेत्र के धनराजपुर मोड़ के पास पहुंचते ही अचानक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से टकराकर गहरे गड्ढे में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पर सवार राममिलन और बुधई की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि रामकिशुन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्रारम्भिक उपचार के दौरान उसकी सांसें थम गई।

एक साथ तीन लोगों के मौत की सूचना गांव पहुंचने पर मृतकाें के परिजनाें में कोहराम मच गया। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवाें काे कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।

जरवल रोड थानाध्यक्ष सन्तोष सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में सगे भाईयाें समेत तीन लाेगाें की माैत हुई है। प्रथम दृष्टया मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होने से दुर्घटना हाेना प्रतीत हाे रहा है। दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA