जहरीली गैस की चपेट में आकर टेनरी कर्मचारी की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

 


कानपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। जाजमऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत ईशान टेनरी में काम करने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से शनिवार काे एक कर्मचारी की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने टेनरी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग की।

मृतक मनोज कुमार (22) परिवार के साथ देवीगंज में किराये के मकान में रहता था। उसकी पत्नी काव्या और छह माह की बेटी है। परिजनों के मुताबिक मनोज ने करीब दो महीने पहले ही ईशान टेनरी में काम शुरू किया था। वह चमड़े का ड्रम चलाने का काम करता था।

बीती रात करीब मनोज घर से टेनरी के लिए निकला था। आज वह चमड़े का ड्रम खोल रहा था। इसी दौरान वह जहरीली गैस की चपेट में आ गया और उसकी हालत बिगड़ गई। साथ काम कर रहे कर्मचारियों ने उसे कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां करीब दो घंटे बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर उसके भाई और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि टेनरी में कर्मचारियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। उनका कहना है कि सुरक्षा के जरूरी उपाय होते तो हादसा टाला जा सकता था। परिजनों ने टेनरी मालिक और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि हादसे की वजह की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप