सुखी लकड़ी के विवाद में युवक की मौत, सड़क जाम कर परिजनों का हंगामा

 


बलरामपुर, 26 जून (हि.स.)। जिले में थाना गैण्डास बुजुर्ग क्षेत्र के ग्राम इटईरामपुर के मजरा बड़का धुसवा में शुक्रवार को सुखी लकड़ी को लेकर हुए मारपीट में एक युवक की मौत हो गई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे घंटों तक आवागमन बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सिंधु का कुछ लोगों से सुखी लकड़ी को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, जिसमें सिंधु गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत हो गई।

सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राणा प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

वहीं, घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने धुसवा-सादुल्लाहनगर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी राघवेन्द्र सिंह और ग्राम प्रधान फकरुद्दीन खान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परजिनों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस टीम पूरी घटना की पड़ताल में जुटी है। जल्द ही दोषियों की गरफ्तारी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन