फोन पर बातचीत के कुछ घण्टे बाद विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
फर्रूखाबाद, 21 जुलाई (हि. स.)। जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव जानकीपुर में मंगलवार को एक 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर की छत पर टीन शेड के नीचे दुपट्टे के सहारे लटका मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मायके पक्ष ने ससुरालियों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव जानकीपुर निवासी यशवीर राजपूत पुत्र नन्हेलाल की शादी करीब सात वर्ष पूर्व जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव चुरसई निवासी अहवरन सिंह की पुत्री दुर्गा देवी (26) से हुई थी। यशवीर दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। मृतका के भाई रक्षपाल ने बताया कि सोमवार शाम को दुर्गा ने फोन पर अपने साथ मारपीट होने की जानकारी दी थी। मंगलवार सुबह करीब सात बजे भी बहन ने फोन कर फिर से प्रताड़ित किए जाने की बात कही। इसके कुछ घंटे बाद करीब 11 बजे यशवीर ने फोन कर बताया कि दुर्गा की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष मौके पर पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि जब वे जानकीपुर पहुंचे तो दुर्गा का शव चारपाई पर पड़ा मिला। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव को नीचे उतार दिया और बाद में मौके से चले गए। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि ग्राम प्रधान की मौजूदगी में शव नीचे उतारा गया। घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक जगराम सिंह, हेड कांस्टेबल नंदलाल ने हंगामा कर रही भीड़ को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को शांत कराते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के पिता अहवरन सिंह ने थाने पहुंचकर ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृतक दुर्गा देवी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। घटना के बाद माता जगरानी देवी, पिता अहबरन सिंह, भाई हेमराज व रक्षपाल तथा बहन माला का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar