औरैया : तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से चार वर्षीय मासूम की मौत

 

औरैया, 25 फरवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के थाना फफूँद क्षेत्र के ग्राम पाता खानपुर में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊषा देवी पत्नी विनोद कुमार, निवासी पाता खानपुर का चार वर्षीय नाती मधुर घर के बाहर गली में खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। परिजन तुरंत घायल बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़िता ऊषा देवी ने बाइक नंबर सहित नामजद तहरीर दी है। थाना फफूँद प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार