पेपर मिल में काम करने वाले व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत, परिजनों ने फैक्ट्री के गेट पर शव को रखकर किया हंगामा

 


नोएडा, 30 मार्च (हि.स.)। थाना बादलपुर क्षेत्र में स्थित एक पेपर मिल में काम करने वाला व्यक्ति काम करते समय बाॅयलर के भाप की चपेट में आ गया, तथा बुरी तरह से झुलस गया। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान सोमवार की शाम को उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने मुआवजे आदि की मांग को लेकर उनके शव को सोमवार की रात को कंपनी के गेट पर रख दिया तथा जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत करवाया।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना बादलपुर क्षेत्र में स्थित एक पेपर मिल में काम करने वाले व्यक्ति धीरज पुत्र रमेश मूल निवासी जनपद जौनपुर हाल निवासी प्रेम विहार छपरौला उम्र 24 वर्ष, काम करते समय 24 मार्च को बॉयलर की स्ट्रीम से झुलस गए। उन्हें उपचार हेतु दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान 30 मार्च की शाम को उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन अपनी कुछ मांगों को लेकर उनके शव को लेकर फैक्ट्री के गेट पर पहुंचे। उन्होंने फैक्ट्री के गेट पर शव को रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को समझा- बुझाकर उन्हें शांत करवाया। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक मृतक के परिजनों ने कोई शिकायत नहीं दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी