संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

 


अमेठी, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के जायस कोतवाली क्षेत्र के कासिमपुर गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 20 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

मृतका की पहचान दिव्या सोनकर पुत्री संजय सोनकर निवासी कासिमपुर के रूप में हुई है। करीब पांच वर्ष पूर्व दिव्या घर से चली गई थी और रमजान अली पुत्र मुनीर दरवेश निवासी कासिमपुर के साथ शादी की थी। दंपति का करीब दो वर्षीय एक बेटा भी है।

महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने की सूचना पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है।

जायस कोतवाली के प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस पहुंच गई लाश को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जाँच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी