रेलवे स्टेशन के पास मिला सेना के जवान का शव,पुलिस जांच में जुटी

 

रायबरेली,11अगस्त(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में मंगलवार को सेना के जवान का शव रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक की पहचान कर शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जीआरपी थानाध्यक्ष सचिन पटेल ने बताया कि मिल एरिया थाना क्षेत्र में रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को सेना के जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान हरियाणा राज्य के जनपद रेवाड़ी में जदतल निवासी प्रवीन के पुत्र ध्रुव (23) के रूप में हुई है। वह भारतीय सेना में तैनात और उसकी पोस्टिंग प्रयागराज में थी।

मंगलवार सुबह करीब आठ बजे रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर लोगों ने ध्रुव का शव पड़ा देखा। सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी।

फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक के दोस्तों समेत अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। जीआरपी थानाध्यक्ष सचिन पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे