तेज और सही समाचार के बीच संतुलन आज की सबसे बड़ी जरूरत : डॉ. सुशील कुमार मिश्रा

 


गोरखपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा तथा पत्रकारिता विभाग में बुधवार को मेधा की ओर से औद्योगिक विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में दैनिक जागरण, गोरखपुर के महाप्रबंधक डॉ. सुशील कुमार मिश्रा ने पत्रकारिता के विद्यार्थियों से संवाद किया और मौजूदा दौर में पत्रकारिता की चुनौतियों, जिम्मेदारियों तथा संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

डॉ. सुशील कुमार मिश्रा ने कहा कि आज के दौर में तेज समाचार और सही समाचार के बीच संतुलन बनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाचार संकलन और प्रसारण में तथ्यपरकता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी का ध्यान रखने की सीख दी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। इसलिए पत्रकार को किसी भी विषय के सभी पक्षों को समझकर समाज के सामने तथ्य प्रस्तुत करने चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी काबिलियत बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि योग्यता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति ही व्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं के लिए विषय की गहरी समझ, अध्ययनशीलता और बदलते तकनीकी परिवेश के साथ स्वयं को अपडेट रखना बेहद आवश्यक है।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि पत्रकार को किसी भी मुद्दे पर एकतरफा दृष्टिकोण अपनाने के बजाय संबंधित सभी पक्षों को समाज के सामने रखना चाहिए। उन्होंने पत्रकारिता में नैतिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकार को समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनहित के मुद्दों को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए डॉ. मिश्रा ने नियमित अध्ययन की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन किताबें पढ़ने की आदत विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकों में संचित ज्ञान का विस्तार व्यापक है और अध्ययन व्यक्ति के विचारों को समृद्ध करने के साथ उसकी समझ को भी विकसित करता है।

फिल्म फेस्टिवल और एआई वर्कशॉप की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुशील कुमार मिश्रा ने आगामी जागरण फिल्म फेस्टिवल-2026 के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को फिल्म फेस्टिवल में सहभागिता के लिए आमंत्रित करते हुए आयोजित होने वाली एक दिवसीय एआई वर्कशॉप में भी शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए नई तकनीकों की समझ समय की आवश्यकता बन चुकी है।

कार्यक्रम में हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. विमलेश मिश्र, डॉ. राजेश कुमार मल्ल, डॉ. रामनरेश राम, डॉ. रजनीश कुमार चतुर्वेदी, डॉ. अन्वेषण सिंह, श्री अभय शुक्ल सहित पत्रकारिता विभाग के समस्त आचार्य, मेधा एवं जागरण फिल्म फेस्टिवल के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की और मुख्य वक्ता से पत्रकारिता एवं मीडिया के विभिन्न पहलुओं से जुड़े सवाल पूछे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय