डीडीओ को प्राथमिक विद्यालय में खामियां ही खामियां मिली

 


-डीडीओ को प्राथमिक विद्यालय में खामियां ही खामियां मिली

फर्रुखाबाद,25 अगस्त (हि.स.)।ब्लॉक बढ़पुर की ग्राम पंचायत पिथूपुर मेंहदिया के प्राथमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र में दाल में काला ढूढ़ने गए डीडीओ श्याम किशोर तिवारी को पूरी दाल ही काली मिली। उन्होंने विद्यालय में मिली खामियों की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है।

जिलाधिकारी को भेजी रिपोर्ट में डीडीओ श्याम किशोर तिवारी ने कहा है कि प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान मिड डे मील योजना अंतर्गत बनाए गए भोजन को बच्चों के साथ खा कर चेक किया । दाल पतली बनी हुई थी ।ग्राम प्रधान के माध्यम से बच्चों को आज फल का वितरण भी कराया गया।

प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तीन दिनों से विद्युत आपूर्ति बंद होने के कारण सबमर्सिबल पंप नहीं चल रहा है, जिससे शौचालय आदि गंदे हैं और टंकियां में पानी नहीं आ रहा है।पठन-पाठन व्यवस्था समुचित पाई गई । सभी अध्यापक उपस्थित पाए गए।

आंगनबाड़ी केंद्र कें निरीक्षण के दौरान पाया गया कि केंद्र भवन के रंगाई पुताई एवं मरम्मत नहीं कराई गई है । परिसर में झाड़ियां खड़ी हैं । आंगनबाड़ी केंद्र में ब्लैक बोर्ड स्थापित नहीं हुआ है ।अन्य उपकरण सक्रिय पाए गए ।आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए पृथक से शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था नहीं है। उन्हें सड़क पार करके प्राथमिक विद्यालय में जाना पड़ता है ।

कमियों को ठीक करने के लिए ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सचिव तथा प्रधानाचार्य को निर्देश दिए गए साथ ही विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण से वार्ता की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar