उपायुक्त रंजन ने सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं में दिए सुधार के निर्देश
जमशेदपुर, 05 मई (हि.स.)। जिले के उपायुक्त राजीव रंजन ने मंगलवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे डीसी के दौरे से अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ओपीडी,एक्स-रे यूनिट,एनआईसीयू, पीआईसीयू और ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। उन्होंने मरीजों के लिए बनाए गए वेटिंग एरिया, वाशरूम, किचन और डॉक्टरों के कक्ष का भी निरीक्षण किया। डीसी ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण इलाज देना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इमरजेंसी वार्ड में अत्यधिक भीड़ और पंजीकरण में हो रही देरी को देखते हुए उपायुक्त ने तुरंत अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन काउंटर खोलने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में देरी सीधे मरीजों की जान से जुड़ा मामला है, इसलिए व्यवस्था दुरुस्त रखना अनिवार्य है।
इसके अलावा डीसी ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल की सेवाओं पर फीडबैक लिया। ब्लड बैंक का निरीक्षण कर रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए,वहीं कैंटीन की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर भी सख्ती दिखाई।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने व्यवस्थाओं को आंशिक रूप से संतोषजनक बताया,लेकिन कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश देते हुए 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक