लखीमपुर खीरी में शुरू होगा डे केयर कैंसर सेंटर,
लखीमपुर खीरी, 27 फरवरी (हि.स.)। कैंसर रोगियों के लिए राहत भरी खबर है। कैंसर निदान, उच्चीकृत उपचार एवं संदर्भन की सुविधा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला चिकित्सालय मोतीपुर ओयल में डे केयर कैंसर सेंटर की स्थापना की जा रही है, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शीघ्र ही जनपद के कैंसर मरीजों को यह विशेष सुविधा अपने ही जिले में उपलब्ध होने लगेगी। यह जानकारी सीएमएस जिला चिकित्सालय मोतीपुर ओयल डॉ. आरके कोली ने दी ।
शुक्रवार को डे केयर कैंसर सेंटर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण सीएमएस डॉ. आरके कोली ने किया। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर इस सेंटर की स्थापना की जा रही है, जिसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने एनपी-एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत एक टीम भी भेजी थी, जिसमें कार्यक्रम के इपीडिमियोलाजिस्ट डॉङ राकेश गुप्ता ने भी सेंटर की व्यवस्थाओं को देखा।
उन्होंने यह भी बताया कि डे केयर कैंसर सेंटर प्रारंभिक रूप से छह बेड का होगा और यहां कैंसर रोगियों को उच्चीकृत आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अब कीमोथेरेपी व बायोप्सी कैंसर जांच जैसी सेवाएं भी इसी सेंटर पर मिलनी शुरू हो जाएगी। इसकी तैयारियां शासन के निर्देश पर शुरू कर दी गई हैं।
सीएमएस ने बताया कि यह डे केयर कैंसर सेंटर जनपद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को समय पर उपचार, कम खर्च और बेहतर सुविधा अपने ही जिले में मिल सकेगी। इसका लाभ जनपद की बड़ी आबादी को मिलेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि एनपी-एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत स्थापित किए जा रहे इस डे केयर कैंसर सेंटर को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाॅफ का प्रशिक्षण कार्य प्रारंभ हो चुका है। शासन स्तर से डॉ. शिशिर पांडे, डॉ. विवेक यादव एवं डॉ. रचित मिश्रा को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही स्टाफ नर्स नीरज कुमार, सर्वेश कुमार एवं वर्षा सिंह को भी राज्य स्तर पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होते ही यह सेवा जनपद में शुरू कर दी जाएगी। डे केयर कैंसर सेंटर में कैंसर की प्रारंभिक जांच, कीमोथेरेपी, बेहोशी की दवा देकर की जाने वाली जांचें, बायोप्सी, छोटे ट्यूमर की सर्जरी के लिए तैयारी एवं संदर्भन, फॉलोअप सेवाएं, परामर्श, दर्द प्रबंधन, आवश्यक जांचें तथा अन्य सहायक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रधानाचार्य स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय प्रोफेसर डॉ. वाणी गुप्ता ने बताया कि डे कैंसर केयर सेंटर में शुरुआती चरण के कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी सहित आवश्यक परामर्श और देखभाल की सुविधा दी जाएगी। अभी तक मरीजों को लखनऊ व दिल्ली का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। नई व्यवस्था से न केवल मरीजों को राहत मिलेगी, बल्कि उनके परिजनों को भी सुविधा होगी। अस्पताल में आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था कर ली गई है। इस सेंटर के शुरू होने से जनपद की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव