बांदा की बेटी तुलसा त्रिवेदी बनीं डिप्टी एसपी
बांदा, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जिले की प्रतिभाशाली बेटी तुलसा त्रिवेदी ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर डिप्टी एसपी पद हासिल कर पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
तुलसा त्रिवेदी ने हाईस्कूल की शिक्षा आर्य कन्या इंटर कॉलेज, बाँदा से तथा इंटरमीडिएट की पढ़ाई जीजीआईसी, बाँदा से पूरी की। इसके बाद उन्होंने पंडित जे.एन. कॉलेज, बाँदा से बीएससी की डिग्री हासिल की। शुरू से ही मेधावी रही तुलसा ने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम किया।
उनके पिता गयाशंकर त्रिवेदी (बबलू) उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग, बाँदा में वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में उनका परिवार सर्वोदय नगर, बाँदा में निवास करता है। मूल रूप से यह परिवार ग्राम नरी का रहने वाला है।
पिता दया शकर त्रिवेदी ने बताया कि बेटी तुलसा त्रिवेदी ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी पहले प्रयागराज में की और वर्तमान में दिल्ली में रहकर अपनी तैयारी को अंतिम रूप दिया। उसकी मेहनत का परिणाम यह रहा कि उन्होंने डिप्टी एसपी पद पर 6वीं रैंक और ओवरऑल 43वीं रैंक हासिल की।
इस शानदार सफलता पर उनके परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि तुलसा की यह उपलब्धि अन्य युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
तुलसा त्रिवेदी की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह