प्रदेश की इकोनाॅमी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा डेयरी उद्योग : धर्मपाल सिंह

 


लखनऊ, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में उन्नत स्वस्थ गोवंश को बढ़ावा देने तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनाॅमी बनाने के लिए दुग्ध विकास विभाग द्वारा संचालित नन्द बाबा दुग्ध मिशन, दुग्ध प्रोत्साहन नीति-2022 के प्रचार-प्रसार के लिए और प्रदेश के डेयरी सेक्टर में पूंजी निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में मण्डलवार ’डेयरी काॅन्क्लेव’ स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम कार्यशालाओं के आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में मेरठ, आगरा में सफल आयोजन के पश्चात गुरुवार काे भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान, जनपद बरेली में ’डेयरी काॅन्क्लेव’-स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि बरेली, मुरादाबाद एवं लखनऊ मण्डल कृषि, पशुपालन और डेयरी क्षेत्र की समृद्ध संभावनाओं वाले महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं, जो प्रदेश के डेयरी विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य दुग्ध उत्पादन के साथ-साथ दुग्ध प्रसंस्करण, वैल्यू एडिशन, कोल्ड चेन और डेयरी उद्योग की पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करना है, जिससे किसानों की आय बढ़े और महिलाओं व युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हों। उन्होंने विश्वास जताया कि बरेली मुरादाबाद एवं लखनऊ मण्डल प्रदेश के प्रमुख डेयरी हब बनकर उत्तर प्रदेश की ’वन ट्रिलियन डॉलर इकोनाॅमी के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

अपर मुख्य सचिव, पशुधन एवं दुग्ध विकास मुकेश कुमार मेश्राम ने वर्तमान परिदृश्य में स्वदेशी नस्ल के गौपालन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास के सम्बन्ध में संचालित विभिन्न योजनाओं के बहुआयामी लाभों पर प्रकाश डालते हुए योजनाओं से पशुपालकों के जीवन स्तर में आने वाले बदलावों पर विस्तृत चर्चा की गयी। उन्होंने स्वदेशी उन्नत गोवंश, समृद्ध निवेश, सुरक्षित भविष्य एवं खुशहाल उत्तर प्रदेश के संकल्प को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के० ने कहा कि उत्तर प्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। राज्य सरकार द्वारा किसानों को सुनिश्चित बाजार, पारदर्शी मूल्य निर्धारण एवं स्थायी आय उपलब्ध कराने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। नंद बाबा दुग्ध मिशन एवं दुग्ध नीति-2022 के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन, आधुनिक डेयरी विकास तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त दूध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत बरेली, मुरादाबाद एवं लखनऊ मण्डल में लगभग 2200 लाभार्थियों को डी०बी०टी० के माध्यम से 1200 लाख से अधिक की अनुदान राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। वहीं, दुग्ध नीति-2022 के अंतर्गत इन मंडलों में विभिन्न परियोजनाओं के लिए 1100 लाख रूपया की अनुदान राशि अवमुक्त की गई है। जी०बी०सी० के अन्तर्गत बरेली मण्डल के 2712 करोड़, मुरादाबाद मण्डल के 2085 करोड़ एवं लखनऊ मण्डल के 2150 करोड़ के निवेश प्रस्ताव हुए हैं. जिनसे लगभग 11 हजार नवीन रोजगार सृजित होंगे।

आयुक्त बरेली मण्डल एवं जिलाधिकारी बरेली ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाला राज्य है और डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव बन चुका है। बरेली मण्डल दुग्ध उत्पादन, पशुपालन, दुग्ध प्रसंस्करण और डेयरी उद्यमिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं तथा इन क्षेत्रों में डेयरी विकास की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश सरकार किसानों, पशुपालकों, महिलाओं और युवाओं को डेयरी क्षेत्र से जोड़कर उनकी आय एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि बरेली मण्डल की सक्रिय भागीदारी से डेयरी क्षेत्र उत्तर प्रदेश की वन ट्रिलियन डॉलर इकोनाॅमी के लक्ष्य को प्राप्त करने में मजबूत स्तम्भ बनेगा।

कार्यक्रम में नन्द बाबा दुग्ध मिशन के विभिन्न लाभार्थियों ने अपनी सफलता की गाथाएं साझा कीं। बरेली डेयरी, आनन्दा डेयरी, वाडीलाल इंडस्ट्रीज, डेयरी क्राफ्ट, शगुन डेयरी सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने डेयरी क्षेत्र में नवाचार, निवेश एवं आधुनिक तकनीकों पर प्रस्तुतियां दीं। साथ ही गोपालन से जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट एवं हरा चारा प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पराग, डेयरी इंडिया, शगुन डेयरी, वरीशा डेयरी प्रोडक्ट्स, प्रीमियर डेयरी, वाडीलाल, डेयरी क्राफ्ट, पशुपालन विभाग, आईवीआरआई, कान्हा मिल्क टेस्टिंग इक्विपमेंट्स, सिंह डिस्ट्रीब्यूटर्स, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया एवं टेरीस्टेरियल फूड प्रोसेसिंग प्रा०लि० सहित विभिन्न निजी एवं सहकारी संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाकर उत्पादों, तकनीकों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय