सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, होटल में लगी आग
मोमोज की रेहड़ी उछलकर दूर गिरी, लोगों के हिल गए मकान
हमीरपुर, 20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कस्बा कुरारा के बेरी तिराहा स्थित एक फास्ट फूड होटल में शनिवार दोपहर सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि पास खड़ी मोमोज की रेहड़ी कई फीट दूर जाकर गिरी और देखते ही देखते जलकर राख हो गई। आग की लपटों ने होटल को आग के गोले में तब्दील कर दिया, जबकि समीप खड़ी एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी और हड़कंप मच गया।
शनिवार करीब 3 बजे बेरी तिराहा स्थित ओरा कैफे में अचानक सिलेंडर फट गया। कैफे संचालक साकेत प्रजापति पुत्र बद्री प्रसाद, निवासी ग्राम सरसई, थाना कुरारा हैं। धमाके के बाद लगी आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और बगल में स्थित बालाजी किराना स्टोर को भी अपनी चपेट में ले लिया। किराना स्टोर के स्वामी प्रमोद गुप्ता पुत्र लीलाधर गुप्ता ने बताया कि आग से दुकान में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के समय होटल के ऊपरी हिस्से में कुछ लोग कार्य कर रहे थे, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही थाना कुरारा पुलिस मौके पर पहुंची और फायर सर्विस को बुलाया गया। दमकल कर्मियों, पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पड़ोसी प्रमोद कुमार ने बताया कि आग देख दुकान संचालक साकेत फरार हो गया।
आसपास के लोग तमाशबीन बने वीडियो बनाते रहे। आग लगने के 7-8 मिनट बाद सिलेंडर में विस्फोट हुआ जिससे आसपास के लोगों के मकान हिल गए। मौके पर पंहुची सब इंस्पेक्टर अंजली शर्मा व सब इंपेक्टर सत्यम सिंह ने जांच पड़ताल की। आग से संचालित फ़ास्ट फ़ूड की दुकान पूरी तरह जल गई वहीं पड़ोस के प्रमोद जो कि किराने की दुकान चलाते है उनकी दुकान का भी बाहर रखा सामान जल गया है। सब इंस्पेक्टर अंजली शर्मा के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि आग से होटल, रेहड़ी और आसपास की दुकानों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा