साइकिल सवार को ट्रक ने रौंदा, मौत के बाद परिजनों का पुलिस पर अभद्रता का आरोप

 


कानपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र अंतर्गत आइसक्रीम का ठेला खड़ा कर वापस लौट रहे साइकिल सवार को ट्रक ने रौंद दिया। जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को राहगीरों ने पीछा किया, लेकिन चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया है।

शुक्लागंज पोनी रोड निवासी राजू सिंह (47) घंटाघर स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री में नौकरी करते थे। परिवार में पत्नी कुंती, बेटा हिमांशु और तीन बेटियां कामिनी, रितिक और अनु हैं। बच्चों ने बताया कि पापा रोज की तरह आइसक्रीम फैक्ट्री में नौकरी करने गए थे। देर रात वापसी के दौरान सुतरखाना के पास पीछे से आ रहे ट्रक दे उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। जिससे उनकी मौके पर भी मौत हो गई है। सूचना पर पहुंचे परिजन देर रात ही कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे जिस पर पुलिस ने उन्हें अगले दिन कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अगली सुबह जब परिजन थाने पहुंचे तो उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की है। अब उन्हें इंसाफ चाहिए। उधर पोस्टमार्टम हाउस में भी मृतक की पत्नी हाथ फैलाकर इंसाफ मांगती रही। वहीं मीडिया के कैमरे के सामने रो-रोकर बोल रही थी कि नवंबर महीने में उसकी बेटी की शादी है। पति की मौत के बाद सब कुछ तबाह हो गया।

हरबंस महल थाना प्रभारी ललित कुमार ने गुरुवार काे बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप