पेट्रोल पंप पर सोलर प्लांट लगाने का झांसा देकर 50 लाख की साइबर ठगी, आरोपित गिरफ्तार
जौनपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में पेट्रोल पंप और अन्य प्रतिष्ठानों पर सस्ते दाम में सोलर प्लांट लगाने का झांसा देकर साइबर ठगी के आरोपित को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार सिम कार्ड और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ विभिन्न जनपदों में नौ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि साइबर क्राइम पोर्टल पर छह से अधिक एनसीआरपी शिकायतें दर्ज हैं।
मामले का बुधवार को खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल साइबर क्राइम आयुष श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। साइबर क्राइम पोर्टल, समन्वय पोर्टल, प्रतिबिम्ब पोर्टल और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए जांच के बाद पुलिस ने साइबर क्राइम थाना में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 52/2026 से संबंधित अभियुक्त को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपित की पहचान सचिन शर्मा पुत्र राजनारायन निवासी आमी सराय सैफ खां, थाना पट्टी, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि वह पेट्रोल पंप संचालकों और अन्य प्रतिष्ठानों की जानकारी जुटाकर फोन करता था। सस्ते दाम पर सोलर पैनल लगाने का झांसा देकर वाट्सएप के माध्यम से लूमिनस कंपनी के नाम से फर्जी एस्टिमेट भेजता था। इसके बाद कुल खर्च की करीब आधी रकम अलग-अलग किस्तों में एडवांस के रूप में मंगाकर ठगी करता था। रकम परिचितों के बैंक खातों में मंगाकर निकालने की बात भी सामने आई है।पुलिस पूछताछ में आरोपित ने करीब 50 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी किए जाने की बात स्वीकार की है। उसके खिलाफ सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, फतेहगढ़, प्रतापगढ़, लखनऊ, गोंडा और महोबा सहित कई जनपदों में धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव