करंट लगने से युवक की मौत
हाथरस, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सिकंदराराऊ
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक कार्यक्रम के दौरान बिजली का तार जोड़ते समय बीती रात सोमवार को युवक करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। मृतक डीजे का काम करता था। मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुरदिलनगर निवासी प्रिंस पुत्र भगवान दास डीजे लगाने का काम करता था। सोमवार को वह अपनी बुआ के नाती की शादी में शामिल होने के लिए सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव चमरपुरा आया था। प्रिंस के भाई शैलेंद्र ने बताया कि शादी समारोह के दौरान रात में बिजली चली गई थी। इसी दौरान प्रिंस बिजली का तार जोड़ रहा था। तभी अचानक विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई और वह करंट की चपेट में आ गया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शैलेंद्र ने बताया कि वह ग्रेटर नोएडा में रहता है। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे उसे हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद वह अन्य परिजनों के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा।
सिकंद्राराऊ के क्षेत्राधिकार अमित पाठक ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना