अनादि मिश्रा के गीतों पर झूमे श्रोता, विन्ध्य महोत्सव में सजी सांस्कृतिक संध्या
मीरजापुर, 27 मार्च (हि.स.)। विंध्याचल धाम के रोडवेज परिसर में शुक्रवार को आयोजित विन्ध्य महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर लोकगायक अनादि मिश्रा के गीतों पर श्रोता देर रात तक झूमते रहे। उत्तर प्रदेश विन्ध्यधाम तीर्थ विकास परिषद के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय व बाहरी जनपदों के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, अपर आयुक्त प्रशासन राजकुमार द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अजय कुमार सिंह व डिप्टी कलेक्टर/प्रभारी पर्यटन संजीव कुमार यादव ने मां के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। प्रभारी पर्यटन ने अतिथियों का स्वागत किया।
मंच पर पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव के देवीगीत व कजरी ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद जालंधर के लोकगायक अनादि मिश्रा ने देवी गीतों से शुरुआत कर भगवान श्रीराम के चरित्र का गायन किया। उन्होंने पंजाबी भांगड़ा व “दमादम मस्त कलंदर” जैसे गीतों से माहौल को ऊर्जावान बना दिया। उनके मंच से उतरकर श्रोताओं के बीच पहुंचने पर लोग नृत्य करते नजर आए।
लखनऊ के सुरेश कुशवाहा, जया कुमारी, अमित द्विवेदी, मीना देवी, कुसुम पाण्डेय, राजेश श्रीवास्तव, प्रकाश चंद्र राय, सुरेश लाल यादव व मंटू मिश्रा सहित अन्य कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। अंत में अतिथियों ने कलाकारों को सम्मानित किया। संचालन राजेन्द्र तिवारी व संजय श्रीवास्तव ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा