क्वांटम कंप्यूटिंग में दक्षता बढ़ाने के लिए पांच दिवसीय एफडीपी का आयोजन करेगा सीएसजेएमयू : प्रो. विनय कुमार पाठक
कानपुर, 28 जून (हि.स.)। क्वांटम कंप्यूटिंग के क्षेत्र में शिक्षकों, शोधार्थियों और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को नवीनतम ज्ञान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय 29 जून से चार जुलाई तक पांच दिवसीय ऑनलाइन संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) आयोजित करेगा। कार्यक्रम के दौरान विषय विशेषज्ञ क्वांटम कंप्यूटिंग के विभिन्न पहलुओं पर व्याख्यान देंगे और प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान करेंगे। यह जानकारी रविवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति विनय कुमार पाठक ने दी।
विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का विषय 'क्वांटम कंप्यूटिंग के मूल सिद्धांत (सिद्धांत, एल्गोरिद्म एवं अनुप्रयोग)' रखा गया है। कार्यक्रम कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मुख्य संरक्षण में आयोजित होगा। इसके संरक्षक स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज के निदेशक प्रो. आर.के. द्विवेदी तथा विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा हैं।
कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. अंजू दीक्षित और सह-समन्वयक डॉ. शिखा शुक्ला होंगी। इसमें देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत के विशेषज्ञ क्वांटम कंप्यूटिंग एवं क्वांटम मैकेनिक्स का परिचय, क्यूबिट, ब्लॉक स्फीयर, क्वांटम गेट्स, क्वांटम एंटैंगलमेंट, बेल स्टेट्स, क्वांटम टेलीपोर्टेशन, क्वांटम एल्गोरिद्म तथा क्वांटम सूचना प्रसंस्करण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी देंगे।
इसके अलावा कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्रिप्टोग्राफी, दवा खोज (ड्रग डिस्कवरी) और मटेरियल साइंस में क्वांटम कंप्यूटिंग के उपयोग पर भी विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।
प्रतिभागियों को किस्किट एवं आईबीएम क्वांटम प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे आधुनिक क्वांटम तकनीकों का अनुभव प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में शिक्षक, वैज्ञानिक, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, शोधार्थी तथा स्नातकोत्तर विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को ई-प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय द्वारा जारी पंजीकरण लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप