सीएसजेएमयू का स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट बना वैश्विक करियर का मजबूत मंच : डॉ. सौरभ त्रिपाठी
कानपुर, 03 जून (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) का स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और उत्कृष्ट प्लेसमेंट के दम पर देश और विदेश में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। विभाग के छात्र प्रतिष्ठित होटल समूहों, क्रूज लाइनों और अंतरराष्ट्रीय हॉस्पिटैलिटी संगठनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। होटल प्रबंधन के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं के बीच विश्वविद्यालय का यह संस्थान युवाओं के लिए वैश्विक करियर का मजबूत मंच बनकर उभरा है। यह बातें बुधवार को स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. सौरभ त्रिपाठी ने कहीं।
उन्हाेंने बताया कि विभाग के पूर्व छात्र-छात्राएं देश और विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं। करिश्मा यादव और अवध नरेश दुबई के फाइव जुमेराह विलेज में कार्यरत हैं, जबकि ऋचा दीक्षित अमेरिका के शेरेटन एडिसन, न्यूयॉर्क में अपनी सेवाएं दे रही हैं। सुमित तिवारी कार्निवल क्रूज लाइन तथा अंजलि कॉर्डेलिया क्रूज से जुड़े हैं। इसके अलावा विपिन कुमार, विवेक सिंह, शुभम कनौजिया, आदिल अरमान, पुष्कर शर्मा, प्रयाग सिंह और बलराम सिंह जैसे पूर्व छात्र भी प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्यरत हैं।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान विभाग के विद्यार्थियों ने द ओबेरॉय उदयविलास, द लीला पैलेस, हयात रीजेंसी, हयात प्लेस, मैरियट, डबलट्री बाय हिल्टन, रेडिसन ब्लू, शांग्री-ला इरोस और द ललित जैसे प्रतिष्ठित पंचसितारा होटलों में औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। वहीं विद्यार्थियों का चयन द ओबेरॉय होटल्स, हयात होटल्स, ट्राइडेंट, आईएचसीएल-ताज, बिकानेरवाला, लाइट बाइट फूड्स और लावोन बेकरी जैसे संस्थानों में हुआ है।
वर्तमान में विभाग में चार वर्षीय बीएचएमसीटी, दो वर्षीय एमएचएमसीटी और दो वर्षीय डिप्लोमा कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। होटल, एयरलाइंस, क्रूज, इवेंट मैनेजमेंट, पर्यटन, रेलवे कैटरिंग और खाद्य सेवा क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं।
डॉ. सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें वैश्विक स्तर का हॉस्पिटैलिटी प्रोफेशनल बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की।
विश्व यात्रा एवं पर्यटन परिषद (डब्ल्यूटीटीसी) के आंकड़ों के अनुसार भारत और विश्व स्तर पर पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में होटल, रिसॉर्ट, क्रूज, एयरलाइंस कैटरिंग, धार्मिक पर्यटन और खाद्य सेवा उद्योग में लाखों नए रोजगार सृजित होंगे, जिससे प्रशिक्षित होटल प्रबंधन पेशेवरों की मांग लगातार बढ़ेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप