‘हनुमान अंश’ के गायक सुनील लोधी के भजनों से गूंजा सीएसजेएमयू
कानपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। चर्चा में चल रही फिल्म हनुमान अंश के गायक सुनील लोधी ने शुक्रवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई सभागार में भक्ति की ऐसी छटा बिखेरी कि पूरा सभागार तालियों और जयकारों से गूंज उठा। सुनील लोधी ने हनुमान और श्रीराम के भजनों की प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों और शिक्षकों को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने लोक गायक सुनील लोधी को 21 हजार रुपये की धनराशि देकर सम्मानित किया।
संगीत संध्या का शुभारंभ कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक और वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सांस्कृतिक प्रस्तुति के बाद मंच पर पहुंचे सुनील लोधी ने ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ भजन से शुरुआत की। उनकी आवाज के साथ ही सभागार तालियों से गूंज उठा और विद्यार्थियों ने भक्ति भाव के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
इसके बाद उन्होंने ‘संकट के कटइया हनुमान’ समेत कई भजनों की प्रस्तुति दी। लोक संगीत की मिठास और भक्ति भाव से सजी उनकी गायकी ने श्रोताओं को बांधे रखा। ‘सीता राम गाइये’ की प्रस्तुति के दौरान पूरा माहौल राममय हो गया। इसके बाद कृष्ण भजनों ने भी श्रोताओं को भक्तिभाव से जोड़ दिया। प्रस्तुति के बीच-बीच में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तालियों से कलाकार का उत्साह बढ़ाया तो कई बार सभागार जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि प्रतिभा किसी भी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर सुनील लोधी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से देशभर में पहचान बनाई है। जन्म से दृष्टिबाधित होने के बावजूद उनकी आवाज ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। ऐसी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें मंच और सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है।
कुलपति ने सुनील लोधी को 21 हजार रुपये की धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान के दौरान सभागार में मौजूद लोगों ने तालियों से उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में सुनील लोधी के मामा रोहित साहू, विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश मिश्रा, सहायक कुलसचिव प्रमोद मिश्रा, सरस कपूर, डीएसडब्ल्यू प्रो. अंशु यादव, चीफ प्रॉक्टर प्रो. शशिकांत मिश्रा, डॉ. शिवांशु सचान और मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी समेत विभिन्न विभागों के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य लोग मौजूद रहे।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप