सीएसजेएमयू और नांदी फाउंडेशन के बीच हुआ एमओयू, कौशल विकास और रोजगार के उपलब्ध हाेंगे नए अवसर

 


कानपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। नांदी फाउंडेशन के साथ हुआ यह समझौता विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह बातें मंगलवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) द्वारा विद्यार्थियों के कौशल विकास, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण एवं उद्योग-शिक्षा सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नांदी फाउंडेशन के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम में नांदी फाउंडेशन की ओर से प्रोग्राम मैनेजर तरुण शर्मा और ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर रितु अग्रवाल मौजूद रहे। विश्वविद्यालय की ओर से ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रवीण भाई पटेल, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी सौरभ गुप्ता, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी कोमल सोनाक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस समझौते के तहत विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण, रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों, व्यक्तित्व विकास तथा बेहतर रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए दोनों संस्थाएं संयुक्त रूप से कार्य करेंगी। इसका उद्देश्य छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ाना और उन्हें उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह साझेदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

विश्वविद्यालय लगातार विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों और उद्योगों के साथ सहयोग स्थापित कर छात्रों के लिए प्रशिक्षण एवं रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। नांदी फाउंडेशन के चीफ स्किल ऑफिसर डॉ. राधा वर्धराजन के प्रयासों से यह समझौता साकार हो सका।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप