सीएसजेएमयू की मिड सेमेस्टर परीक्षाएं 21 से शुरू होंगी : प्रभात द्विवेदी
कानपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) परिसर में मिड सेमेस्टर परीक्षाएं 21 सितंबर से शुरू होंगी। 26 सितंबर तक चलने वाली परीक्षाओं में परिसर के 185 कार्यक्रमों में पढ़ रहे 17 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा में 75 प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को ही बैठने की अनुमति दी जाएगी। यह जानकारी शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर के परीक्षा प्रभारी प्रो. प्रभात कुमार द्विवेदी ने दी।
उन्होंने बताया कि विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं में प्रथम सेमेस्टर के करीब आठ हजार, तृतीय सेमेस्टर के 5314, पंचम सेमेस्टर के 3008, सप्तम सेमेस्टर के 940 और नवम सेमेस्टर के 93 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
परीक्षाएं चार पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह नौ से 10:30 बजे, दूसरी 11 से 12:30 बजे, तीसरी दोपहर 1:30 से तीन बजे और चौथी 3:30 से शाम पांच बजे तक होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा प्रभारी ने बताया कि वोकेशनल कोर्स की परीक्षाएं 28 और 29 सितंबर को कराई जाएंगी। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अनुचित सामग्री लेकर पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से परीक्षा नियमों का पालन करने और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप