सीएसजेएमयू में दीक्षांत समारोह की रिहर्सल, गुरुवार को 41वें दीक्षांत समारोह का होगा आयोजन
कानपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। 41वें दीक्षांत समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। समारोह के सफल आयोजन के लिए प्रत्येक व्यवस्था का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। यह बातें बुधवार काे कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में 41वें दीक्षांत समारोह की पूर्व संध्या पर बुधवार को फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस दौरान शोभायात्रा निकाली गई और मंचीय कार्यक्रमों का क्रमवार अभ्यास किया गया। विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने विभिन्न संवैधानिक एवं प्रशासनिक भूमिकाएं निभाते हुए पूरे समारोह का पूर्वाभ्यास किया।
रिहर्सल में डीन अकादमिक प्रो. बृष्टि मित्रा ने कुलाधिपति की भूमिका निभाई, जबकि प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी कुलपति की भूमिका में रहे। कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा ने पदक विजेताओं के नाम पुकारकर उन्हें मंच पर बुलाने और सम्मानित करने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को पदक, डिग्री और अंकतालिका प्रदान करने का भी पूर्वाभ्यास किया गया। साथ ही प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने अंचल पी. बिजलानी को डी.लिट. की मानद उपाधि प्रदान करने की औपचारिकता का भी रिहर्सल किया।
रिहर्सल के दौरान कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक और वित्त अधिकारी अशोक कुमार त्रिपाठी ने सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा प्रशासनिक एवं अकादमिक अधिकारियों के साथ समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। कुलपति ने आयोजन से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रत्नार्थु मिश्रा ने किया।
विश्वविद्यालय का 41वां दीक्षांत समारोह गुरुवार को सुबह 10:30 बजे से आयोजित होगा। समारोह का सीधा प्रसारण विश्वविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप