शिक्षा के साथ खेलों में भी नई पहचान बना रहा सीएसजेएमयू : डॉ. श्रवण कुमार यादव

 


कानपुर, 09 मई (हि.स.)। विश्वविद्यालय में छात्रों को शिक्षा के साथ आधुनिक खेल सुविधाएं और नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। हमारा उद्देश्य खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। यह बातें छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने कही।

सीएसजेएमयू का शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने वाले प्रमुख संस्थानों में तेजी से उभर रहा है। विश्वविद्यालय परिसर में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, पचास मीटर स्विमिंग पूल, क्रिकेट ग्राउंड, फुटबॉल ग्राउंड, बास्केटबॉल कोर्ट, हैंडबॉल कोर्ट, बॉक्सिंग हॉल, मल्टीपर्पज हॉल, जिम्नेजियम और आर्चरी रेंज जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं का लाभ कैंपस के छात्रों के साथ बाहरी खिलाड़ी भी उठा रहे हैं।

विश्वविद्यालय का खेल विभाग नियमित मॉर्निंग और इवनिंग ट्रेनिंग सिस्टम पर कार्य करता है, जहां प्रशिक्षकों की देखरेख में खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण, फिटनेस और प्रतियोगी तैयारी कराई जाती है। विभाग का फोकस केवल प्रतियोगिताओं में भागीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर प्रदर्शन के लिए तैयार करना भी है।

खो-खो में विश्वविद्यालय ने वर्ष 2025-26 की नॉर्थ ज़ोन पुरुष चैंपियनशिप और अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। फुटबॉल टीम ने सेंट्रल ज़ोन टूर्नामेंट 2024-25 में पहला स्थान हासिल कर ऑल इंडिया चैंपियनशिप के लिए जगह बनाई। वहीं क्रिकेट खिलाड़ियों का चयन अंडर-19 भारतीय टीम और विजय ट्रॉफी जैसी प्रतियोगिताओं में हुआ है।

एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, शतरंज, जूडो, कराटे, बैडमिंटन और आर्चरी में भी विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है। विभाग का कहना है कि खिलाड़ियों को खेल कौशल के साथ अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का भी प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे उनका व्यक्तित्व विकास भी हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप