अपराध की जड़ है संस्कारों की कमी: कुमार रणविजय सिंह

 


संवेदना वेलफेयर सोसाइटी के संस्कार शिविर का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन

मुरादाबाद, 12 जून (हि.स.)। संवेदना वेलफेयर सोसाइटी मुरादाबाद द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संस्कार शिविर का समापन समारोह शुक्रवार को रंगारंग संस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने कहा कि एक पुलिस अधिकारी के रूप में मैं रोज़ देखता हूँ कि अपराध की जड़ संस्कारों की कमी से है। यदि हम बचपन से ही बच्चों को सही-गलत का भेद, अनुशासन और नैतिकता सिखा दें, तो समाज स्वतः सुरक्षित हो जाएगा।

पुलिस अधीक्षक नगर ने आगे कहा कि संवेदना वेलफेयर सोसाइटी का यह संस्कार शिविर समाज निर्माण की दिशा में एक सराहनीय कदम है साथ ही मैं इन बच्चों में कल का अनुशासित और जिम्मेदार भारत देख रहा हूं। विद्यालय की निर्देशिका मेजर डा. मीनू मेहरोत्रा ने कहा कि संस्कार शिविर केवल दस दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन भर की पूँजी है।

विशिष्ट अतिथि के रूप मे कर्मयोगी विद्यापीठ अहमदाबाद से आए स्वामी कृष्णदेव झा ने कहा कि मां बच्चे की पहली गुरु है और उसके दिए संस्कार जीवन की नींव बनाते हैं।

विशिष्ट अतिथि प्रताप सिंह गर्ल्स इंटर कालेज की प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने रामचरितमानस के आदर्शों को जीवन में उतारने पर जोर दिया।

कार्यक्रम को डा नरेश त्रिपाठी सेवानिवृत प्रोफ़ेसर वाणिज्य विभाग, राजीव अग्रवाल श्री परिवार दिव्य महायज्ञ समिति, कपिल कुमार एनजीओ परिवर्तन द चेंज, प्रिंस कुमार, अपार मेहरोत्रा उपस्थित रही।

संचालन शिक्षिका पलक व दीक्षा ने किया।

आभार अभिव्यक्ति प्रधानाचार्या श्रुति गुप्ता द्वारा की गयी। कार्यक्रम की सफलता में शिक्षिकाओं दीक्षिका, पारुल, सलोनी, मुस्कान, चंद्रिका, संपदा, रिशिका, रिया, अनीता , वंदना, कंगना, स्नेहा, तृप्ति आदि का विशेष सहयोग रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल