सीएचसी में दलालों पर शिकंजा ओपीडी में निजी पैथोलॉजी व दवा विक्रेताओं के प्रवेश पर रोक, पुलिस को दी तहरीर
जौनपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सुजानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में निजी पैथोलॉजी केंद्रों के प्रतिनिधियों और बाहरी दवा विक्रेताओं के कथित हस्तक्षेप को लेकर अस्पताल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील पांडेय ने सुजानगंज पुलिस को तहरीर देकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अधीक्षक के अनुसार, ओपीडी के समय कुछ निजी पैथोलॉजी केंद्रों के प्रतिनिधि और बाहरी मेडिकल स्टोर से जुड़े लोग अस्पताल परिसर में पहुंचकर मरीजों से संपर्क करते हैं। आरोप है कि वे मरीजों को बाहर से दवा खरीदने और निजी पैथोलॉजी केंद्रों पर जांच कराने के लिए प्रेरित करते हैं। इससे मरीजों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी के दौरान ऐसे निजी पैथोलॉजी संचालकों और दवा विक्रेताओं के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने की बात कही है। अधीक्षक ने पुलिस से अस्पताल परिसर की व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई का अनुरोध किया है।
सुजानगंज थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि अस्पताल अधीक्षक की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय मरीजों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बाहरी लोगों के अनावश्यक हस्तक्षेप पर रोक लगने से मरीजों को राहत मिलेगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव