बेसिक के शिक्षक प्राइवेट स्कूलों से बहुत बेहतर : महापौर
--बेहतर शिक्षण, माहौल पर है जोर : बीएसए
--3.29 करोड़ से बना है सीपीआई अभ्युदय समग्र आदर्श विद्यालय
प्रयागराज, 15 अप्रैल (हि.स)। प्रयागराज नगर निगम की ओर से प्राइमरी स्कूलों का कायाकल्प किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से ऑपरेशन कायाकल्प योजना के तहत अभ्युदय समग्र आदर्श विद्यालय बनाए जा रहे हैं। कायाकल्प कर बनाए गए हायर प्राइमरी स्कूल प्राइवेट स्कूलों को टक्कर दे रहे हैं।
इन स्कूलों में बच्चों के लिए स्मार्ट क्लास, साइंस लैब और कम्प्यूटर लैब के साथ ही लाइब्रेरी तैयार की गई है। पहली कक्षा से आठवीं तक के बच्चों के लिए इन स्कूलों का कायाकल्प किया जा रहा है। प्रयागराज में कम्पोजिट स्कूल का भी स्मार्ट सिटी के तहत 3 करोड़ 29 लाख रूपये की लागत से व्यापक स्तर पर कायाकल्प किया गया है।
महापौर गणेश केसरवानी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनिल कुमार ने बुधवार को नवनिर्मित स्कूल भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर महापौर ने कहा कि 2017 में प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद बेसिक स्कूलों की स्थिति में सुधार आया है। जहां जर्जर भवनों का पुनर्निर्माण किया गया है, वहीं स्कूलों में सुविधाएं भी बढ़ी हैं।
महापौर का कहना है कि प्राइमरी स्कूलों में जो शिक्षक हैं वह आयोग से चयनित होते हैं और उनकी योग्यता भी प्राइवेट स्कूलों के शिक्षकों से बेहतर है। उन्होंने कहा है कि अभिभावकों को भी सरकारी स्कूलों में अपने बच्चों को पढाने के लिए आगे आना चाहिए। महापौर ने कहा है कि जिस तरह से सरकारी स्कूलों की लोकप्रियता बढ़ रही है। आने वाले दिनों में इन स्कूलों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा भी करानी पड़ सकती है।
बीएसए अनिल कुमार ने कहा कि बेहतर शिक्षण और व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है जिससे कि बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले और वह आगे बढ़ें। वहीं, खंड शिक्षाधिकारी नगर प्रतिभा सिंह ने बताया कि अभ्युदय योजना के तहत तैयार हो रहे कम्पोजिट अपर प्राइमरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी, कम्प्यूटर लैब और साइंस लैब बनाई गई है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस विद्यालय में 187 बच्चों का नामांकन हुआ है और सात शिक्षकों द्वारा उन्हें उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान की जा रही है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित सभी योजनाओं का लाभ यहां पढ़ने वाले बच्चों को दिया जा रहा है।
बीईओ ने बताया कि अब कक्षा एक से लेकर आठ तक के सभी बच्चे कम्प्यूटर की भी पढ़ाई कर सकेंगे।
गौरतलब है कि, प्रयागराज में नगर क्षेत्र के 60 प्राथमिक विद्यालयों में से अब तक 36 स्कूलों का स्मार्ट सिटी के अभ्युदय योजना के तहत कायाकल्प किया जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र