रायबरेली में शॉर्ट सर्किट से लगी आग से झुलसे दम्पति की मौत

 


रायबरेली, 07 अप्रैल(हि. स.)। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग से झुलसे दम्पति की मंगलवार सुबह मौत हो गई है। सोमवार देर रात इस हादसे में दम्पती गंभीर रूप से झुलस गए थे। दोनों को जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया था।

सरेनी थाना क्षेत्र के लाला खेड़ा गांव निवासी मालती सोमवार की रात रसोई में कुछ काम कर रही थी। इसी दौरान बिजली की शॉर्ट सर्किट से किचन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने मालती को भी चपेट में ले लिया। मालती की चीख सुन बचाने आये पति छेदीलाल भी आग की चपेट में आ गए। दुकान पर बैठे उनके बेटे रंजीत ने अंदर जाने का प्रयास किया, लेकिन तेज आग के कारण वह अंदर नहीं जा पाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह घर की बिजली काटी और आग को काबू में किया। लेकिन तब तक दम्पती गंभीर रूप से झुलस चुके थे। ग्रामीणों ने दम्पती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान पहले पत्नी मालती फ़िर कुछ देर बाद छेदीलाल की भी मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के बाद घर लाया गया है।

थानाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव का कहना है कि घटना की सूचना मिली है। जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे