यात्री सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर आरपीएफ एवं वाणिज्य विभाग के बीच समन्वय आवश्यक : मंडल रेल प्रबंधक

 




मुरादाबाद, 20 अक्टूबर (हि.स.)। रेल यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं बेहतर यात्री सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंडल रेल कार्यालय, मुरादाबाद स्थित मनन सभागार में मंगलवार को रेलवे सुरक्षा बल एवं वाणिज्य विभाग की संयुक्त बैठक हुई। मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि मुरादाबाद रेल मंडल यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इस संयुक्त बैठक के माध्यम से यात्री सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर दोनों विभागों के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा यात्री-केंद्रित सेवाओं को बेहतर करने की दिशा में सार्थक चर्चा की गई।

बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंडल के सीटीआई प्रभारी, आरपीएफ प्रभारी एवं टिकट परीक्षकों सहित दोनों विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।

बैठक में रेलवे सुरक्षा बल एवं वाणिज्य विभाग के मध्य आपसी समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने तथा रेल यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान अकेले यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। महिला यात्रियों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ कार्य करने तथा रात्रिकालीन समय में निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही, यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल