सहकारिता मंत्री का मथुरा भ्रमण : रबी अभियान और उर्वरक उपलब्धता की समीक्षा

 


मथुरा, 15 अक्टूबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने गुरुवार जनपद मथुरा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागीय योजनाओं, धान खरीद क्रय केंद्रों की तैयारियों, पैक्स समितियों के जीर्णाेद्धार (सेवा संकल्प अभियान) और उर्वरक उपलब्धता की उच्च-स्तरीय समीक्षा की।

स्वागत समारोह के दौरान आदित्य कुमार दुबे (अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक, सहकारिता, आगरा मंडल) ने मंत्री को सांझी कला की कृति भेंटकर उनका स्वागत किया। समीक्षा के दौरान जनपद में फास्फेट की रैक उपलब्ध कराने के अनुरोध पर मंत्री ने उच्च अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए अवगत कराया कि शीघ्र ही फास्फेटिक की रैक प्राप्त होने वाली है, जिससे किसानों को प्रचुर मात्रा में उर्वरक मिलेगा। समितियों पर यूरिया और फास्फेटिक उर्वरक की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसानों को उनकी जोत के आधार पर मानक संस्तुत मात्रा में वितरण करने के कड़े निर्देश दिए गए। अपर आयुक्त आदित्य कुमार दुबे ने मंडल के सभी जनपदों की सहकारी समितियों और उर्वरक बिक्री केंद्रों पर रबी-अभियान के तहत सभी प्रकार के उर्वरक प्रचुर मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत धान खरीद क्रय केंद्रों की तैयारियों और उनके क्रियाशील होने की स्थिति का भी जायजा लिया गया।

समीक्षा बैठक में आदित्य कुमार दुबे (अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक, सहकारिता, आगरा मंडल), अभिषेक कुमार मिश्र (सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता, मथुरा), दमन लाल शर्मा (सचिव/मुख्य कार्यपालक अधिकारी), सचिन बंसल (क्षेत्रीय प्रबंधक, एसडब्ल्यूसी), सतवीर सिंह (क्षेत्रीय प्रबंधक, इफको) और यूपीआरएनएसएस के अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार