एनसीसी कैडेट्स ने दिया ‘टीबी मुक्त भारत’ का संदेश
मुरादाबाद, 05 सितम्बर (हि.स.)। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 9 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आरएसडी एकेडमी रामगंगा विहार में टीबी उन्मूलन एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को टीबी रोग के लक्षण, बचाव, जांच एवं समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन 9 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अरविंद कुमार एवं एडम ऑफिसर मेजर प्रमिला सिंह के निर्देशन में तथा सीटीओ अनुपमा राठौर के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने जागरूकता रैली एवं पोस्टर मेकिंग के माध्यम से टीबी के प्रति लोगों को जागरूक किया। कैडेट्स ने पोस्टरों के माध्यम से टीबी के लक्षणों की जानकारी देते हुए समय पर जांच एवं उपचार कराने का संदेश दिया। साथ ही लोगों से टीबी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और टीबी से प्रभावित लोगों के प्रति सहयोग एवं संवेदनशीलता रखने की अपील की।
विद्यालय के निदेशक डॉ. विनोद कुमार, डॉ. जी. कुमार, डॉ. गौरव कुमार, डॉ. गरिमा शर्मा, डॉ. अजय शर्मा, प्रधानाचार्य अभिषेक शर्मा एवं डॉ. मयंक शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के माध्यम से कैडेट्स ने ‘टीबी मुक्त भारत’ का संदेश देते हुए समाज को टीबी मुक्त बनाने में जन-जागरूकता एवं सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यालय स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल