महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विवाद

 


उपद्रव होने की आशंका पर पुलिस ने अनुमति देने से किया इनकार

हमीरपुर, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा विकास क्षेत्र के पतारा गांव में महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम के आयोजन को लेकर बुधवार को विवाद खड़ा हो गया है। थाना पुलिस ने आयोजकों को कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका और उपद्रव की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना बताते हुए कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126/135 के तहत आयोजन समिति के 11 सदस्यों को पाबंद करने के लिए नोटिस जारी किए हैं। इस कार्रवाई के बाद आयोजकों, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों में भारी रोष है। युवाओं ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी व्यक्त की है। आयोजन समिति के सदस्यों, जिनमें अभिषेक सिंह, हिमांशु पांडेय, जगनायक सिंह, शुभम सिंह और कुंदन सिंह शामिल हैं, ने कहा कि महाराणा प्रताप ने राष्ट्र और धर्म के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा उनकी जयंती मनाने से रोकना अनुचित है, जबकि देश का हर युवा उन्हें अपना आदर्श मानता है। गांव निवासी और भाजपा के मंडल महामंत्री दिनेश द्विवेदी ने पुलिस की कार्रवाई को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि गांव में इस आयोजन को लेकर कोई विवादित स्थिति नहीं है। द्विवेदी ने प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति देने का आग्रह किया और बताया कि इस संबंध में पार्टी नेताओं को अवगत कराया गया है। उन्होंने जल्द ही अनुमति लेकर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। इस संबंध में उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार ने बुधवार को बताया कि यह कार्रवाई थाना कुरारा पुलिस द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन समिति द्वारा अभी तक कार्यक्रम की अनुमति के लिए कोई आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा