राजकुमार भाटी के बयान पर चौधरी उमेश शर्मा ने जताई नाराजगी, माफी की मांग
बागपत, 12 मई (हि.स.)। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा दिए गए बयान को लेकर सर्व खाप ब्राह्मण समाज 360 के प्रधान चौधरी उमेश शर्मा ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने बयान जारी करते हुए कहा कि राजकुमार भाटी की टिप्पणी से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की संभावना है। उनके बयान से गुर्जर समाज की छवि को भी नुकसान पहुंचा है।
चौधरी उमेश शर्मा ने कहा कि गुर्जर समाज सदैव ब्राह्मण समाज का सम्मान करता आया है और कुछ व्यक्तियों के बयान से पूरे समाज को नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने खेकड़ा विधानसभा के पूर्व विधायक मदन भैया तथा डॉ. महेंद्र नागर का उदाहरण देते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने हमेशा ब्राह्मण समाज का सम्मान किया है और उनका व्यवहार सामाजिक भाईचारे का प्रतीक रहा है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए। राजनीतिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के बयानों का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है, इसलिए विवादित टिप्पणियों से बचना जरूरी है।
चौधरी उमेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मांग की, कि ऐसे मामलों पर पार्टी स्तर पर संज्ञान लिया जाए और नेताओं को जिम्मेदारीपूर्ण बयान देने के निर्देश दिए जाएं।
उन्होंने कहा कि राजकुमार भाटी को अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करना चाहिए, ताकि समाज में आपसी सौहार्द और सम्मान बना रहे। बता दें कि उनका यह बयान तब आया है जब अखिलेश यादव ब्राह्मणों के सम्मान की बात कर रहे हैं और ब्राह्मणों के ही कहने पर सभी कार्य करने के लिए खुले मंच से बोल रहे हैं। ऐसे में सपा प्रवक्ता का विवादित बयान ब्राह्मणों को नागवार गुजरा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी