राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों का योगदान अमूल्य : प्रवीण पटेल

 


अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर प्रयागराज में श्रमिक जागरूकता एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित

प्रयागराज, 01 मई (हि.स.)। राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों का योगदान अमूल्य है। केंद्र और राज्य सरकार श्रमिकों की समस्याओं को देखते हुए उनके कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। यह बातें शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर ईएसआईसी एवं इफको फूलपुर प्रयागराज परिसर में श्रमिक जागरूकता एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि फूलपुर के सांसद प्रवीण पटेल ने कहीं।

उन्होंने कहा कि अब अधिकांश योजनाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं, जिससे श्रमिक घर बैठे आवेदन कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि श्रम विभाग में अपना पंजीयन कराकर अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ लें। इस दौरान सांसद द्वारा उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी श्रमिकों को वितरित किए गए।

इस अवसर पर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित “श्रमवीर गौरव समारोह-2026” कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा श्रमिक कल्याण से जुड़ी कई नई योजनाओं की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में प्रयागराज क्षेत्र के श्रमिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। श्रम विभाग के अनुसार वर्ष 2017 से मार्च 2026 तक प्रयागराज जनपद में विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 1,81,022 लाभार्थियों को 137 करोड़ 80 लाख 44 हजार 719 रुपये की सहायता राशि वितरित की गई।

इन योजनाओं में मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना, संत रविदास शिक्षा सहायता योजना, चिकित्सा सहायता योजना, आवास सहायता योजना तथा आपदा राहत योजना शामिल हैं।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी फूलपुर जुही प्रसाद, मनोज कुमार यादव, निबंधक कुमार पाण्डेय, श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रयागराज समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं एनटीपीसी मेजा और प्रयागराज पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड बारा में भी श्रमिक दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल