पत्नी से विवाद होने पर ठेकेदार ने फांसी लगा दी जान

 

बांदा, 23 सितंबर (हि.स.)। पत्नी से विवाद होने पर ठेकेदार ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बिसंडा थाना क्षेत्र के हस्तम गांव निवासी राजमन (42) ने मंगलवार की रात कमरे के अंदर लगे पंखे के सहारे साफी से फांसी लगा लिया। काफी देर बाद जब कमरे से बाहर नहीं निकला तो बेटी ने देखा शोर मचाया मौके पर पहुंचे परिजनों पड़ोसी दीवार तोड़कर कमरे के अंदर घुसे देखा तो वह फंदे पर लटक रहा था। आनन-फानन फंदा काटकर उसे नीचे उतार लिया। जीवित होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घरवालों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान बुधवार को सुबह उसकी मौत हो गई।

मृतक के भतीजे केतन भारती ने बताया कि राजमन मजदूरों की ठेकेदारी करता था। उसने जून माह में मजदूरों को 50 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिया था। कुछ मजदूर काम पर गए थे और कुछ मजदूर काम पर नहीं गए थे। उन मजदूरों से उसे पैसा पाना था। वह लोग पैसा नहीं दे रहे थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। इसी से नाराज होकर उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक तीन भाइयों में छोटा था। अचानक हुई इस घटना से पत्नी का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष बिसंडा चंद्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह