अनुबंधित बस के मालिकों ने दी चेतावनी, नुकसान हुआ तो बंद कर देंगे निर्धारित रूट पर बस संचालन

 


मुरादाबाद, 10 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना 2026 के तहत मुरादाबाद में ग्रामीण अंचलों के लिए चलाई जा रही अनुबंधित बस के निर्धारित रूट के बजाए पंडित नगला में बाईपास के निर्माण कार्य के चलते बसों को काफी घूमकर जाना पड़ रहा है। जिसकी वजह से नुकसान हो रहा है। उनका कहना है कि अगर एक सप्ताह में नुकसान और बढ़ा तो तय रूट पर बस संचालन को बंद कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना 2026 के तहत कुंदरकी, बिलारी, समाथल, स्योंडारा रूट पर 4 दिन से अनुबंधित बसों का संचालन किया जा रहा है। अनुबंधित बस मालिकों का कहना है कि अनुबंधित बस के लिए मुरादाबाद से पंडित नागला बाईपास रोड निर्धारित किया गया हैं, लेकिन पंडित नगला में बाईपास के निर्माण कार्य की वजह से यह बस रामपुर रोड जीरो प्वाइंट से होकर स्योंडारा जा रही है, इसकी वजह से बस को यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। एक सप्ताह बस और चलाई जाएगी। अगर इसी तरह नुकसान हुआ तो उक्त रुत पर संचालन बंद कर दिया जाएगा।

वहीं रोडवेज कर्मचारी संघ मुरादाबाद क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री अरुण कुमार सिंह ने बताया कि परिवहन निगम को सबसे ज्यादा नुकसान डग्गामार वाहनों से हो रहा है। पंडित नागला बाईपास से रूट डायवर्जन केवल रोडवेज बसों के लिए किया गया है। पंडित नगला बाईपास ई-रिक्शा, ट्रक, कार सबके लिए खुला हुआ है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल