लाइन ठीक करते समय करंट की चपेट में आया संविदा लाइनमैन की मौत
कानपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के आगापुर गांव में सोमवार को बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
हथैही गांव निवासी शिवराज (40) बिजली विभाग में संविदा लाइनमैन और करीब पांच साल से काम कर रहे थे। सोमवार को आगापुर गांव में बिजली लाइन में खराबी की सूचना पर वह टीम के साथ पहुंचे थे। बताया गया कि मरम्मत शुरू करने से पहले शटडाउन लिया गया था। इसके बाद शिवराज खंभे पर चढ़कर लाइन दुरुस्त करने लगे। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति शुरू होने से लाइन में करंट दौड़ गया और शिवराज उसकी चपेट में आ गए। तेज झटका लगने से वह खंभे से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर नंदना चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप