स्मार्ट मीटर से परेशान बिजली उपभोक्ताओं ने सड़क पर लगाया जाम

 




महोबा, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद मुख्यालय में स्मार्ट मीटर से परेशान उपभोक्ताओं ने बुधवार को कीरत सागर स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर जमकर हंगामा किया है। भारी भरकम बिल मिलने और बिल जमा होने के बाद भी बिजली काटे जाने से नाराज उपभोक्ताओं ने सड़क पर जाम कर दिया। सदर एसडीएम ने मौके पर पहुंच नाराज उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर मामले काे शांत कराकर समस्या के निराकरण कराने के निर्देश दिए।

बिजली उपभोक्ताओं ने बुधवार काे जनपद मुख्यालय के कीरत सागर स्थित उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया जिससे सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बिजली विभाग की ओर से लगाए गए स्मार्ट मीटर से उपभाेक्ता परेशान हो गए जिससे उनका गुस्सा फुट पड़ा। उपभोक्ता मुकेश, रामकुमार, दीनदयाल आदि लाेगाें ने बताया कि स्मार्ट मीटर उनकी सुविधा के लिए लगाया गया लेकिन वही स्मार्ट मीटर उनके लिए परेशानी का सबब बन गया है। बिजली का बिल जमा होने के बाद भी विभाग आपूर्ति बाधित कर दी जाती है। एडवांस में रूपये जमा होने के बाद भी उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है।

उपभोक्ताओं ने सड़क जाम करने की सूचना पर सदर एसडीएम शिवध्यान पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग की कार्यशैली से आक्रोशित उपभोक्ताओं को समझा कर उनकी समस्या के निराकरण के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद यातायात बहाल हो सका है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी