जेबीसी मशीन के आगे लेटकर निर्माण कार्य को रुकवाया

 


देवरिया, 04 मई (हि.स.)। रुद्रपुर कस्बे में विवादित भूमि पर निर्माण कार्य शुरू होते ही सोमवार को हंगामा खड़ा हो गया। जेसीबी मशीन से काम शुरू किए जाने पर एक परिवार ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और मशीन के आगे लेटकर निर्माण कार्य को रुकवा दिया।

जानकारी के अनुसार, यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। मौके पर मौजूद वीडियो फुटेज में तनावपूर्ण स्थिति स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है, जहां परिवार के सदस्य जेसीबी के सामने लेटकर कार्य को बाधित करते नजर आए।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वे वर्षों से उक्त भूमि पर काबिज हैं और मामला अदालत में लंबित है। परिवार का दावा है कि न्यायालय द्वारा यथास्थिति बनाए रखने के आदेश के बावजूद निर्माण कार्य शुरू किया गया, जो कोर्ट आदेश का उल्लंघन है।

हालांकि, दूसरे पक्ष या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के चलते आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

विवाद बढ़ने के बाद पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन से भी शिकायत कर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

वहीं, रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए पुलिस स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक