अप्रैल से शुरू होने वाला ग्रीन फील्ड हाईवे का निर्माण अधर में लटका
ग्रीन फील्ड हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण नहीं होने से किसान संशय में
हमीरपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय की घोषणा के बाद अप्रैल माह से शुरू होने वाला ग्रीन फील्ड हाईवे का निर्माण अभी तक अधर में लटका हुआ है सर्वे आदि के बाद अभी तक जमीन आदि का अधिग्रहण नहीं होने से इसके निर्माण में संशय के बादल मंडराने लगे हैं।
गत वर्ष केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने कानपुर के रमईपुर से महोबा जनपद के कबरई तक ग्रीन फील्ड हाईवे का निर्माण की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद सर्वे आदि के कार्य शुरू कराए गए हैं यह ग्रीन फील्ड हाईवे जिले में करीब 96 मौजों से गुजरेगा इसके लिए गाटा संख्या भी चिन्हित हुए थे। जिला प्रशासन ने हमीरपुर सदर एवं मौदहा तहसील के गांव से होकर जाने वाले मौजों में खरीद फरोख्त में रोक भी लगाई थी लेकिन अब इस रोक को हटा दिया गया है सर्वे करने वाली टीम ने किसानों से कहा था कि अप्रैल माह में इसका निर्माण शुरू होना है लिहाजा चिन्हित गाटा संख्या में अप्रैल के बाद फसल मत बोई जाए लेकिन अभी तक हमीरपुर अथवा मौदहा के किसी भी मौजे में जमीन अधिग्रहण का कार्य शुरू नहीं हो सका है।
इससे किसानों में संशय के बादल मंडराने लगे हैं जबकि केंद्रीय मंत्रालय के अनुसार इसके 2027 तक बन जाने की घोषणा की गई थी। इसके बाद अभी तक इसका निर्माण शुरू नहीं हुआ है जबकि कानपुर सागर हाईवे 34 में आए दिन होने वाले हादसों एवं जाम से लोग परेशान हैं। इस खूनी हाईवे में कोई दिन ऐसा नहीं गुजरता जिस दिन कानपुर से लेकर कबरई तक किसी की जान नहीं जाती है। इसी को मद्देनजर रखकर इस ग्रीन फील्ड हाईवे के निर्माण की घोषणा हुई थी। इसके बाद इसके निर्माण में अभी तक तेजी नहीं आ सकी है। इससे लोगों ने निराशा व्याप्त होती जा रही है। राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद ने रविवार को बताया कि केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय टेंडर प्रक्रिया शुरू कर चुका है जल्द ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और लोगों को इसके निर्माण कार्य पूर्ण होने पर राहत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा