संविधान का सम्मान और गरिमा बचाना हर नागरिक की जिम्मेदारी : अनिल दीक्षित
कानपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान देश के प्रत्येक नागरिक के मान-सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसकी मर्यादा बनाए रखना और इसमें निहित आदर्शों का पालन करना सभी का दायित्व है। यह बातें गुरुवार को नवीन मार्केट स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कानपुर उत्तर जिला कार्यालय में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहीं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती देने के साथ ही नागरिकों को समानता और अधिकारों की गारंटी देता है। यह महज कानूनों का संकलन नहीं, बल्कि देश की एकता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों की बुनियाद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान के प्रति लोगों को जागरूक करने और इसकी महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संविधान गौरव दिवस मनाने की पहल की है।
अनिल दीक्षित ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने अपने राजनीतिक हितों के लिए कई बार संवैधानिक मर्यादाओं को कमजोर किया। आपातकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस दौर में नागरिकों को मिले अधिकारों पर प्रतिबंध लगाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित किया गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान की मूल भावना और उसके आदर्शों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने भारतीय संविधान की तुलना देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर से करते हुए कहा कि जिस तरह रामचरितमानस और श्रीमद्भगवद्गीता भारतीय परंपरा की पहचान हैं, उसी तरह संविधान भी राष्ट्रीय गौरव का आधार है। इसके मूल्यों को समझना और व्यवहार में अपनाना जरूरी है।
इससे पहले कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय वर्मा ने अनिल दीक्षित को बाबा साहेब का चित्र भेंट किया।
इस मौके पर क्षेत्रीय महामंत्री राजेश पटेल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, सुरेश अवस्थी, प्रमोद विश्वकर्मा, अभिनव दीक्षित, जनमेजय सिंह, रोहित साहू, सीमा एमबीए, सत्यम गुप्ता, धीरज वाल्मीकि, मोनेन्द्र राजपूत, पारस मदान, रीता पासवान, राधा सैनी, अतुल दीक्षित, राजेश चौहान, सुरेश गुप्ता, प्रशांत त्रिपाठी, स्पर्श कटियार और रवि सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में संविधान के आदर्शों और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप