संविधान दिवस पर डीएम-एसपी ने दिलाई संविधान की उद्देशिका की शपथ, 30 स्थानों पर हुए कार्यक्रम
बागपत, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस पर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल और पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संविधान दिवस समारोह का सजीव प्रसारण भी देखा गया। जनपद में कलेक्ट्रेट सभागार के अलावा 30 अन्य स्थानों पर भी संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने भाग लेकर संविधान के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने कहा कि संविधान केवल देश के संचालन का आधार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, समानता और सम्मान की गारंटी भी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने की प्रेरणा देता है।
गौरतलब है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में वर्ष 2015 से प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक देवेंद्र कुमार पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तीरथलाल, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी