मुरादाबाद : 28 परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 और 10 जून को यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा
- महिला अभ्यर्थी का मंगलसूत्र, टॉप्स, बिछुआ और पुरुष अभ्यर्थी का कलावा नहीं उत्तरवाया जाएगा
मुरादाबाद, 05 जून (हि.स.)। जिले में 28 परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 और 10 जून को यूपी पुलिस में सिपाही पद के लिए भर्ती परीक्षा होगी। तीन दिन में छह पॉलियों में होने वाली इस लिखित परीक्षा में 74,304 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी एडिट कार्ड, आधार कार्ड और पेन ही लेकर जा सकेंगे। परीक्षा केंद्र के आसपास फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से सिविल पुलिस, पीएसी, जेल वार्डन के 32 हजार 679 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के जिला के नोडल अधिकारी व पुलिस अधीक्षक यातायात/क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि जनपद में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 8, 9 और 10 जून को दो पॉली में परीक्षा होगी। तीन दिन में 74,304 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 और दूसरी पाली की परीक्षा दो से पांच बजे तक चलेगी। एक पाली में 12384 अभ्यर्थी बैठेंगे। अभ्यर्थी अपने साथ एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और नीला या काला पेन लेकर जा सकेंगे। महिला अभ्यर्थी के मंगलसूत्र, टॉप्स, बिछुआ और पुरुष अभ्यर्थी के कलावा नहीं उत्तरवाए जाएंगे लेकिन इनकी गहनता से जांच की जाएगी। एसपी ट्रैफिक/क्राइम का कहना है कि अभ्यर्थी सैंडल या चप्पल पहनकर आएं तो बेहतर होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल