स्वदेशी गोवंश संरक्षण में ग्रामीण परिवारों की आर्थिक समृद्धि को मिलेगा बढ़ावा

 


दुग्ध उत्पादन एवं आय वृद्धि के लिए सुनहरा अवसरमुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन व मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के आवेदन शुरू

हमीरपुर, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में प्रदेश सरकार द्वारा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, स्वदेशी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन तथा ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना एवं मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत पात्र गोपालकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।

उप दुग्धशाला विकास अधिकारी/जिला समन्वयक, नन्दबाबा दुग्ध मिशन, हमीरपुर ने बुधवार को,बताया कि मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के अंतर्गत दो उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों की इकाई स्थापना पर लाभार्थियों को स्थापना लागत का 40 प्रतिशत अथवा अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा। वहीं मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत 10 उन्नत स्वदेशी नस्ल की गायों की इकाई स्थापना पर स्थापना लागत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 11.80 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों योजनाओं का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में स्वदेशी गोवंश का संरक्षण एवं संवर्धन, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है। योजनाएं प्रदेश के सभी 75 जनपदों में संचालित की जा रही हैं। इसके अंतर्गत गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा नस्ल की उन्नत स्वदेशी गायों के क्रय पर अनुदान प्रदान किया जाएगा। क्रय की जाने वाली गाय प्रथम अथवा द्वितीय ब्यांत की होनी चाहिए।

मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत 10 स्वदेशी गायों के क्रय पर अनुमानित लागत लगभग 23.60 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इकाई स्थापना हेतु लगभग 0.20 एकड़ (8712 वर्ग फुट) भूमि की आवश्यकता होगी तथा वर्षभर हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था भी आवश्यक होगी। उन्होंने बताया कि दोनों योजनाओं में महिला दुग्ध उत्पादकों एवं गोपालकों को विशेष प्राथमिकता प्रदान की गई है तथा कुल निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत चयन महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। इच्छुक लाभार्थी नन्दबाबा दुग्ध मिशन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना हेतु आवेदन प्रक्रिया 10 जुलाई 2026 तक चलेगी, जबकि मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के लिए आवेदन 21 जुलाई 2026 तक किए जा सकते हैं। योजनाओं से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं पात्रता संबंधी जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा