सरकार जब विपक्षी कार्यकर्ताओं पर उत्पीड़न शुरु कर दे तो समझो कि सरकार की उल्टी गिनती शुरु : राजेंद्र पाल गौतम

 


कानपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। कानपुर में ऐसा लगता है कि कानून व्यवस्था का राज नहीं है और प्रशासन विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के इशारे पर काम कर रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन या विपक्ष की भूमिका निभाते हैं तो उनका उत्पीड़न किया जाता है। इसी के खिलाफ आज कार्यकर्ता धरने पर बैठे हैं। कोई भी सरकार जब ज्यादा उत्पीड़न शुरू कर दे तो समझ लेना चाहिए कि वह डर गई है और भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। यह बातें शनिवार को कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहीं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के राम मंदिर चढ़ावे को लेकर दिए गए बयान के विरोध और सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों के खिलाफ आज कांग्रेस ने फूलबाग स्थित गांधी प्रतिमा पर धरना-प्रदर्शन किया। इसमें कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम भी शामिल हुए। धरने का नेतृत्व कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने किया। बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता फूलबाग पहुंचे और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ पोस्ट किए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज किए गए। उनका कहना था कि राजनीतिक दबाव में कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। इसी कार्रवाई के विरोध में धरना आयोजित किया गया।

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के धरना-प्रदर्शन करने पर उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की जाती है और उन्हें दबाने या हिरासत में लेने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि वह कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और उनके साथ खड़े होने के लिए कानपुर आए हैं। उन्होंने प्रशासन से विपक्षी कार्यकर्ताओं के मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने राम मंदिर चढ़ावे के मुद्दे को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। गौतम ने कहा कि धर्म और आस्था के नाम पर सरकार बनाने वाली भाजपा के शासन में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े सवाल सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और अन्य जनहित के मुद्दों का समाधान करने में भी विफल रही है।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि अगर सत्ता की ताकत के दम पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने की कोशिश की गई तो पार्टी इसका विरोध करती रहेगी। उन्होंने 2027 में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकार बनने का दावा किया। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों से संपर्क बना हुआ है और सितंबर में सीटों को लेकर बातचीत की जाएगी।

वंदेमातरम को लेकर पूछे गए सवाल पर गौतम ने कहा कि भाजपा के पास जनहित से जुड़े पर्याप्त मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए ऐसे विषयों को उठाया जा रहा है। धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों और कार्रवाई को लेकर विरोध जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप