नीट पेपर लीक और छात्र की आत्महत्या पर कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
कानपुर, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण और लखीमपुर खीरी के छात्र ऋतिक मिश्रा की आत्महत्या के विरोध में शनिवार को कानपुर महानगर कांग्रेस के पदाधिकारियाें ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित पत्र सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मृतक छात्र के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी भी की।
कानपुर महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने देशभर में लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों पर आक्रोश जताया। नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक जैसी घटनाओं ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है तथा मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी के छात्र ऋतिक मिश्रा की आत्महत्या केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की विफलता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि “अब नहीं देनी प्रतियोगी परीक्षा” जैसे शब्द छात्रों के टूटते विश्वास को दर्शाते हैं। कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को सड़क से सदन तक उठाने का काम करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि नीट पेपर लीक प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए तथा दिवंगत छात्र के परिवार को आर्थिक सहायता और न्याय दिया जाए।
नेताओं ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष काउंसलिंग व्यवस्था लागू करने की भी मांग की। उनका कहना था कि यदि शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगी तो युवाओं का भविष्य लगातार प्रभावित होता रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप